सितारगंज -ट्रैक्टर ट्रक की टक्कर में 6 की मौत 34 घायल

ऊधमसिंहनगर,ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सितारगंज क्षेत्र के पुलभट्टा थाना इलाके में सिरसा मोड़ पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें ट्रैक्टर ट्रॉली पर संगत में जा रहे 40 श्रद्धालुओं में सेे 6 की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई गई है। दुर्घटना आज पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुई।

ऊधमसिंह नगर के डीएम युगल किशोर पंत ने बताया कि बसगर गांव के ये सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर संगत के लिए जा रहे थे। घायलों को ईलाज के लिए जिला अस्पताल के अलावा हल्द्वानी के सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज और बहेड़ी में भर्ती कराया गया है। इस बीच, दुर्घटना की सूचना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने हादसे की मजिस्टीरियल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रूपये, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार और सामान्य घायलों को 25 हजार रूपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने सभी घायलों के निःशुल्क ईलाज के निर्देश दिए हैं।