राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बाबा केदार के दर्शन किए

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज सुबह श्री केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन किये। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश वासियों के स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की। उन्होंने केदारनाथ के दर्शन हेतु आए तीर्थ यात्रियों से भी मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानीं। इससे पूर्व केदारनाथ धाम में जिला प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा राज्यपाल का स्वागत किया गया। केदारनाथ भ्रमण के दौरान धाम के तीर्थ पुरोहितों ने केदारनाथ धाम की तमाम व्यवस्थाओं और उनमें सुधार की संभावनाओं से राज्यपाल को अवगत भी कराया। इसके बाद राज्यपाल ने आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा के भी दर्शन किए। वहीं, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान 11 मराठा लाईट इन्फेन्ट्री के कैम्प सभागार में राजस्व, पुलिस, वन, विकास और स्वास्थ्य विभागों की बैठक कर समीक्षा की।

राज्यपाल ने श्री केदारनाथ निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के विषम परिस्थितियों के बावजूद समर्पण व सेवाभाव को देखते हुए उनके लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मेहनत से ही निर्मित वास्तुकला युगों व पीढ़ियों तक जीवंत रहती है। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने श्री केदारनाथ पुनर्निर्माण सहित यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों को राज्यपाल के समक्ष रखा, जिस पर राज्यपाल ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों के पूरा होने पर एक अद्भुत नजारा तीर्थ यात्रियों के सामने होगा। उन्होंने जिला प्रशासन को मंदिर परिसर में एक बडे़ आकार की एलईडी स्क्रीन भी लगाने के निर्देश दिए ताकि दर्शन हेतु कतार में खड़े यात्री देश के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों की जानकारी एलईडी के माध्यम से कर सकें।