आस्ट्रेलिया उच्चायुक्त ने की राज्यपाल गुरमीत सिंह से भेंट

राज्यपाल गुरमीत सिंह से राजभवन में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ फैरेल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल और आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त के मध्य विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल ने बताया कि उत्तराखंड की महिलाएं स्वयं सहायता समूह के रूप में बेहतर कार्य कर रही हैं। उत्तराखंड की महिला स्वयं सहायता समूह के लिए ऑस्ट्रेलिया में इस तरह के क्षेत्र में हो रहे अच्छे कार्यों के विषय मे अनुभव प्राप्त करने की दृष्टि से ऑस्ट्रेलिया भ्रमण कार्यक्रम बनाए जा सकते हैं। वहीं बीते रोज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने भेंट की और प्रदेश और आस्ट्रेलिया के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलियन उच्चायुक्त से राज्य में कमांड और ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को मजबूत करने में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए तेजी से कार्य हो रहे हैं। राज्य का औद्योगिक विकास तेजी से हो, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री और ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ’ फैरेल के मध्य इस अवसर पर क्वांटम तकनीक, शिक्षा के उन्नयन, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।