CMधामी ने पिथौरागढ़ की आपदा प्रभावितों से मुलाकात की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के रांथी-खोतिला गांव के आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय और हवाई निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों को कहा कि इस मुश्किल घड़ी में हम आपदा प्रभावितो के साथ हैं और राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा आपदा प्रभावितों के लिए रहने, खाने, और कपड़ों की उचित व्यवस्था की जाए। जिसका भुगतान सरकार के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 6 परिवारों को चेक के ज़रिये राहत राशि मुहैया कराई। आपदा के दौरान मृत महिला के परिवार को चार लाख रुपए की राहत राशि दी गई है। अन्य आपदा प्रभावितों को शीघ्र ही राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने धारचूला में काली नदी के किनारे बने तटबंधों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि आपदा पीड़ितों को राहत पहुंचाने का हर संभव कार्य तत्परता से किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के साथ धारचूला विधायक हरीश धामी, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में शुक्रवार रात भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ। धारचूला से लगे नेपाल के लासको गदेरे में बादल फटने से आपदा और बड़ी हो गई। इसके चलते लगभग धारचूला क्षेत्र के 50 मकान डूब गए। जबकि एक महिला का शव रेस्क्यू किया गया।