अभिनेता राजू के निधन पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया

जाने-माने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का आज सुबह दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। पिछले महीने दिल का दौरा पडने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजू श्रीवास्तव के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सुश्री मुर्मु ने कहा कि राजू श्रीवास्तव मे अपने हास्य से श्रोताओं को मोहित करने की अद्भुत कला थी। उन्होंने कहा कि राजू श्रीवास्तव ने भारत में स्टेज कॉमेडी को नई पहचान दिलाई। राष्ट्रपति ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि राजू श्रीवास्तव ने हास्य और सकारात्मकता के साथ लोगों के जीवन को रोशन किया। उन्होंने कहा कि वे लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। प्रधानमंत्री ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई दिग्गज नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। आपको बता दें कि राजू श्रीवास्तव का जन्म कानपुर में 25 दिसंबर 1963 को हुआ था। सबको हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव की मौत से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर हैं।