उत्तराखंड में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी पर्व

विजयादशमी का पर्व आज देशभर में उल्लास से मनाया गया। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण पर भगवान राम की विजय की याद में मनाया जाता है। आज ही नवरात्रि और दुर्गापूजा भी सम्पन्न होती है। प्रदेश में भी आज दशहरा पर्व की धूम रही। देहरादून के परेड ग्राउंड में रावण का पुतला 65 फीट ऊंचा बनाया गया था। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी विजयदशमी धूमधाम से मनायी गयी वहीं, अल्मोड़ा में दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां शहीद चौक शिखर तिराहे से रावण परिवार के पुतलों का जुलूस निकाला गया। जो मुख्य बाजार से होते हुवे स्थानीय स्टेडियम तक ले जाया गया जहां पुतलों का दहन किया गया। दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की ने कहा कि अल्मोड़ा का दशहरा देश में ही नहीं विदेशों में भी अपनी पहचान रखता है, इस बार रावण परिवार के 22 पुतले बनाए गए हैं। पुतलों का सामुहिक दहन स्टेडियम में किया जायेगा, यही यहां की विशेषता है।